मूकनायक/पवन बंसीवाल
करौली/ राजस्थान
हिण्डौन सिटी। नगर निकाय चुनाव-2026 के तहत हिण्डौन नगर परिषद के 60 वार्डों में शुक्रवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होने के बाद जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें भी बढ़ती गईं।
दोपहर 12 बजे तक करीब 50
प्रतिशत मतदान होने की जानकारी सामने आई है।
मतदान को लेकर शहर के मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
खास बात यह रही कि बीमारी और उम्र भी बुजुर्ग मतदाताओं के हौसले को नहीं रोक पाई। कई स्थानों पर परिजन बुजुर्ग दादा-दादी और अन्य वरिष्ठ मतदाताओं को सहारा देकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे। वहीं कुछ बुजुर्ग मतदाता स्ट्रेचर के जरिए मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। मतदान के बाद स्याही लगी अंगुली दिखाकर युवाओं ने खुशी जाहिर की और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
बुजुर्गों का जज्बा, युवाओं का जोश और मतदान केंद्रों पर लगी मतदाताओं की कतारें—हिण्डौन में लोकतंत्र के महापर्व की यह तस्वीर लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता और उत्साह को दर्शा रही है।

