मूकनायक/राजेश कुमार/जिला ब्यूरो चीफ/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर स्थित नहर पुलिया के नीचे बुधवार देर रात एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान पिकौरा लाला निवासी जगदेव यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक जगदेव बुधवार शाम से घर से लापता थे। देर रात तक काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच नंदनगर स्थित नहर पुलिया के नीचे शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
बताया गया कि जगदेव अविवाहित थे और शराब पीने के आदी थे। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में पुलिया से नहर में गिरने के कारण उनकी मौत हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

