दीपका में मालगाड़ी पर पथराव से हड़कंप, लोको पायलट के सिर में लगा पत्थर; टूटा इंजन का कांच
मूकनायक
साबिर सिद्दीकी
कोरबा। दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास मालगाड़ी के इंजन पर अचानक हुए पथराव से हड़कंप मच गया। अज्ञात लोगों द्वारा किए गए पथराव में इंजन का कांच टूट गया और एक पत्थर सीधे लोको पायलट सुनील कुमार के सिर पर जा लगा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद लोको पायलट के घायल होने से मालगाड़ी को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर गेवरा खदान में कोयला लोड करने जा रहे थे। इसी दौरान दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन के इंजन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
अचानक हुए पथराव से लोको पायलट संभल पाते, इससे पहले एक पत्थर इंजन के दरवाजे का कांच तोड़ते हुए उनके सिर पर जा लगा। चोट लगते ही उनके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद मालगाड़ी को तत्काल रोककर उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई।
////अधिकारी पहुंचे, घायल पायलट को अस्पताल पहुंचाया////
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायल लोको पायलट को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
////पथराव के बाद रेल यातायात प्रभावित////
घटना के बाद मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही। इसके चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। ट्रेन के इंजन पर पथराव और लोको पायलट के घायल होने की घटना को रेलवे प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
////CCTV फुटेज खंगाल रहा रेलवे, आरोपियों की तलाश///
घटना के बाद पथराव करने वालों की पहचान के लिए रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। रेलवे क्रॉसिंग और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर मालगाड़ी के इंजन पर पथराव करने वाले कौन थे और उन्होंने चलती ट्रेन को निशाना क्यों बनाया? जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।


