Monday, September 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशदहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता ने पति समेत ससुरालियों पर लगाया मारपीट...

दहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता ने पति समेत ससुरालियों पर लगाया मारपीट का आरोप

मूकनायक/राजेश कुमार/जिला ब्यूरो चीफ/बस्ती/उत्तर प्रदेश

बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के राजा मैदान महसो निवासी ससुराल पक्ष पर एक विवाहिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता अंजली गुप्ता पुत्री अजय कुमार गुप्ता, निवासी शिवपुर शहबाजगंज, थाना शाहपुर, गोरखपुर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक अंजली की शादी 11 दिसंबर 2024 को अमित गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता पुत्र बुद्धलाल गुप्ता, निवासी राजा मैदान महसो, थाना लालगंज के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय मायके पक्ष ने पांच लाख रुपये नकद और गृहस्थी का सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे और मकान खरीदने, घर में एसी लगवाने तथा टाइल्स लगवाने की मांग करते थे।

विवाहिता ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद अल्ट्रासाउंड में बेटी होने की जानकारी मिलने पर पति और सास-ससुर ने कथित रूप से उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को एक क्लीनिक में ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। आरोप है कि बेटी पैदा होने के बाद भी ससुरालियों ने उसके साथ गाली-गलौज और प्रताड़ना जारी रखी।

पीड़िता के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को पति अमित गुप्ता, ससुर बुद्धलाल, जेठ राजेश गुप्ता, सास विंदावती देवी और जेठ पवन गुप्ता ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की और उसके जेवर छीन लिए। विवाहिता ने घटना का वीडियो बनाकर अपने पिता को भेजा। जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और उसे घायल अवस्था में करीब 15 दिन की बच्ची के साथ बस्ती ले आए।

पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर दूसरी शादी करने तथा मायके वालों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने महिला थाना अथवा लालगंज पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में पुलिस की ओर से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Durgendra Samrat
Durgendra Samrathttp://www.mooknayaknews.com
Durgendra Samrat मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं वर्तमान में वे Mooknayak News में State Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। राजनीति, चुनाव, व्यवसाय, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जमीनी सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ और मजबूत पकड़ है निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते है।
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments