मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के पंचम चरण के अंतर्गत थाना कलवारी पुलिस की ओर से ग्राम खेमऊपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और शासन द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
सम्मेलन में पुलिस टीम ने ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। महिला संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में पुलिस एवं हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को अपनी समस्याएं निडर होकर पुलिस तक पहुंचाने तथा किसी भी तरह की हिंसा, उत्पीड़न अथवा छेड़छाड़ की घटना होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
बहू-बेटी सम्मेलन में उपनिरीक्षक रामहरि मिश्रा, कांस्टेबल दिवाकर कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार, महिला कांस्टेबल मेनका चौहान तथा महिला कांस्टेबल प्रिया जायसवाल सहित पुलिस टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बालिकाएं शामिल हुईं।
पुलिस टीम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।सम्मेलन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस और आमजन के बीच संवाद को भी मजबूत करने का प्रयास किया गया।

