980 किलो महुआ लाहन और 215 लीटर अवैध शराब जब्त, 11 प्रकरण दर्ज — 50 लीटर से अधिक शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
मूकनायक समाचार -/ सत्यशील गोंडाने -/ बालाघाट (मध्यप्रदेश)
बालाघाट, 10 सितंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ आबकारी एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में 10 सितंबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 980 किलोग्राम महुआ लाहन एवं 215 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
कई क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार आबकारी वृत्त वारासिवनी एवं कटंगी क्षेत्र के बैगामोहल्ला, बीड़ी कालोनी एवं मलमटोला सहित बैहर क्षेत्र के ग्राम मोहबट्टा, गोहारा एवं कोहका तथा बालाघाट क्षेत्र के ग्राम टिटवा एवं बगदरा में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब बनाने एवं संग्रहित करने के लिए रखे गए भारी मात्रा में महुआ लाहन तथा तैयार अवैध शराब बरामद की गई। विभागीय कार्रवाई के बाद मौके से जब्त सामग्री को नियमानुसार कब्जे में लिया गया।
11 प्रकरण दर्ज, एक आरोपी गिरफ्तार
आबकारी विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 11 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं वारासिवनी क्षेत्र में एक आरोपी के कब्जे से 50 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद होने पर उसके विरुद्ध अजमानतीय अपराध का प्रकरण दर्ज किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी
जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की शिकायतों के बीच विभाग द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से सूचना देने की अपील
आबकारी विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, संग्रहण अथवा विक्रय किया जा रहा हो तो इसकी जानकारी तत्काल आबकारी अधिकारियों अथवा संबंधित पुलिस थाने को दें। विभाग का कहना है कि नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

