Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorized26 अगस्त को गूंजेगा जुलुसे-मोहम्मदी का पैगाम

26 अगस्त को गूंजेगा जुलुसे-मोहम्मदी का पैगाम

संवाददाता सत्यशील गोंडाने | बालाघाट (मध्यप्रदेश)

ईद-मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में तैयारियां तेज, सजेंगे चौक-चौराहे, धार्मिक आयोजनों की रहेगी धूम

बालाघाट। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के अवसर पर मनाया जाने वाला पवित्र पर्व ईद-मिलादुन्नबी 26 अगस्त को जिलेभर में अकीदत, उल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर बालाघाट शहर सहित जिले के विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में तैयारियां तेज हो गई हैं। चौक-चौराहों, मस्जिदों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सजावट की जा रही है। इस अवसर पर परंपरागत रूप से जुलुसे-मोहम्मदी भी निकाला जाएगा।

ईद-मिलादुन्नबी को लेकर मस्जिदों, मदरसों और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में नात की महफिल, कुरान ख्वानी, लंगर और तकरीर सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जीवनी, उनकी शिक्षाओं तथा अमन, शांति, इंसानियत और भाईचारे के संदेश को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

चौक-चौराहों पर सजावट, जुलूस के इस्तकबाल की तैयारी

जश्ने ईद-मिलादुन्नबी को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर सजावट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कई स्थानों पर आकर्षक रोशनी और सजावट की जा रही है। वहीं जुलुसे-मोहम्मदी के स्वागत के लिए भी समाजजनों द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

जामा मस्जिद में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन

ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर बालाघाट की जामा मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नातिया कार्यक्रमों के साथ तकरीर के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के संदेश पर प्रकाश डाला जाएगा।

हाजी शोएब खान ने दी पर्व की जानकारी

रजा एक्शन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शोएब खान ने बताया कि 26 अगस्त को ईद-मिलादुन्नबी का पर्व देश और प्रदेश सहित बालाघाट जिले में पूरी अकीदत के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर परंपरागत रूप से जुलुसे-मोहम्मदी निकाला जाएगा।

उन्होंने बताया कि जश्ने ईद-मिलादुन्नबी के अवसर पर चांद की 12 तारीख तक विभिन्न क्षेत्रों में नात की महफिल, कुरान ख्वानी, लंगर और तकरीर सहित धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।

अमन, इंसानियत और भाईचारे का संदेश

हाजी शोएब खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को अमन, शांति, प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। ईद-मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके जीवन और शिक्षाओं को याद करने तथा मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का अवसर भी है।

परंपरागत तरीके से निकलेगा जुलुसे-मोहम्मदी

हाजी शोएब खान ने बताया कि अहले सुन्नत के मुख्यालय बरेली शरीफ से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जुलुसे-मोहम्मदी परंपरागत तरीके से निकाला जाएगा। जुलूस में सलातो-सलाम और नात पढ़ते हुए पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया जाएगा।

उन्होंने समाजजनों से जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में निकालने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने की अपील की।

प्रशासन से समुचित व्यवस्था की मांग

जुलुसे-मोहम्मदी और विभिन्न धार्मिक आयोजनों को देखते हुए हाजी शोएब खान ने जिला प्रशासन से जुलूस मार्गों पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने की मांग की है।

भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील

ईद-मिलादुन्नबी को लेकर मुस्लिम समाज में उत्साह का माहौल है। समाजजनों ने सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है। 26 अगस्त को शहर की सड़कों से निकलने वाला जुलुसे-मोहम्मदी धार्मिक आस्था के साथ अमन, इंसानियत और भाईचारे का संदेश भी देगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments