Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedगंदगी में खाद्य कारोबार! बिना पंजीयन होटल पर गिरी गाज

गंदगी में खाद्य कारोबार! बिना पंजीयन होटल पर गिरी गाज

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप, दो प्रतिष्ठानों पर प्रकरण दर्ज

संवाददाता सत्यशील गोंडाने | बालाघाट (मध्यप्रदेश)

बालाघाट। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन बालाघाट द्वारा शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का विक्रय करने और बिना खाद्य पंजीयन कारोबार संचालित करने के मामले सामने आए। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

महावीर जलपान गृह में मिली गंदगी

बस स्टैंड स्थित महावीर जलपान गृह एवं किराना स्टोर के निरीक्षण के दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी, खराब किचन व्यवस्था और दूषित वातावरण में खाद्य सामग्री का विक्रय किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 56 के अंतर्गत प्रकरण तैयार किया गया।

मां सरस्वती होटल में फफूंद और खुली नालियां

बस स्टैंड स्थित मां सरस्वती होटल के निरीक्षण के दौरान किचन में अत्यधिक गंदगी, दीवारों पर फफूंद, खुली नालियां और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार एवं विक्रय किए जाने की स्थिति सामने आई। जांच में होटल बिना खाद्य पंजीयन के संचालित होना भी पाया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मां सरस्वती होटल के विरुद्ध धारा 56 एवं 58 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही खाद्य पंजीयन प्राप्त होने तक होटल का खाद्य कारोबार बंद कराया गया। कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।

ओम डेली नीड्स से लिए खाद्य नमूने

नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित ओम डेली नीड्स एवं किराना भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां से पल्सेस एवं नट्स के नमूने लिए गए हैं। नमूनों को खाद्य गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पंजीयन और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और विक्रय में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश कुमार डोंगरे एवं गीता तांडेकर द्वारा की गई। प्रशासन की कार्रवाई के बाद शहर के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता और पंजीयन को लेकर सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments