Tuesday, September 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेश25 हजार का इनामी पशु तस्करी बिहार से गिरफ्तार

25 हजार का इनामी पशु तस्करी बिहार से गिरफ्तार

*12 गोवंश बरामदगी के मामले में अप्रैल से था फरार, कंदवा पुलिस ने धर दबोचा

मूकनायक/संजय दिनकर
कंदवा/चंदौली/उत्तर प्रदेश

थाना कंदवा पुलिस ने गोवंश बरामदगी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने बुधवार को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाबीर कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह निवासी हसनचक रहिमनपुर, थाना अथमलगोला, पटना, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में कंदवा पुलिस टीम वांछित एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुकदमा अपराध संख्या 25/2026 में वांछित चल रहे महाबीर कुमार के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली। सर्विलांस सेल की मदद से उसके बिहार स्थित घर की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला 12 अप्रैल 2026 का है। उस समय कंदवा पुलिस टीम ने एक पिकअप वाहन की जांच के दौरान उसमें लदे 12 गोवंश को बरामद किया था। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। बरामदगी के आधार पर कंदवा थाने में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान बरामद पिकअप वाहन के स्वामी महाबीर कुमार का नाम सामने आया। मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक चंदौली ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के मुताबिक इनामी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ सर्विलांस सेल को भी लगाया गया था। पुलिस टीम ने आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। इसके बाद बिहार के पटना जिले में उसके घर पर दबिश दी गई, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कंदवा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 25/2026 दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से मामले से संबंधित अन्य बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इनामी आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कंदवा विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल मनोज यादव शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वांछित एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि गोवंश तस्करी समेत अन्य आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments