
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का किया सम्मान

दुर्ग, 15 अगस्त 2026। दुर्ग जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में समारोहपूर्वक मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन प्रथम बटालियन ग्राउंड भिलाई में किया गया, जहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

मुख्य अतिथि अरुण साव ने समारोह में उपस्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं पारंपरिक गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

परेड का किया निरीक्षण, जवानों ने दिखाया शौर्य

ध्वजारोहण के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान हर्ष फायर किया गया और राष्ट्रपति की जय-जयकार से वातावरण गूंज उठा। उत्साह एवं उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाए गए। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेने के साथ ही विभिन्न प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, जिला पुलिस बल की तीन प्लाटून, नगर सेना, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर बालक-बालिका तथा रेडक्रॉस के दल शामिल हुए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा, सेजेस खम्हरिया, डीपीएस रिसाली, श्री शंकरा विद्यालय भिलाई एवं विज्ञान विकास केंद्र दुर्ग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं पारंपरिक गीतों पर सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति में विज्ञान विकास केंद्र दुर्ग ने प्रथम, डीपीएस रिसाली ने द्वितीय तथा सेजेस खम्हरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। मास पीटी प्रदर्शन के लिए श्री शंकरा विद्यालय भिलाई को सम्मानित किया गया।

मार्चपास्ट और परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन
मार्चपास्ट प्रतियोगिता में एनसीसी सीनियर बालक ने प्रथम, एनसीसी सीनियर बालिका ने द्वितीय तथा रेडक्रॉस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं परेड प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष ने प्रथम, सीमा सुरक्षा बल ने द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, महापौर अलका बाघमार, अपर कलेक्टर योगिता बंजारे, अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, नगर निगम दुर्ग के प्रभारी आयुक्त मोहेन्द्र साहू एवं रिसाली नगर निगम आयुक्त मोनिका वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

