Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedरायपुर में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मुख्यमंत्री...

रायपुर में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मुख्यमंत्री साय ने किया ध्वजारोहण

17 प्लाटूनों ने किया भव्य मार्च पास्ट, उत्कृष्ट दलों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की जनता के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया।

समारोह में 17 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर राष्ट्रभक्ति और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि निशांत गौरव कुर्रे परेड टू-आई-सी रहे। इस वर्ष बिहार पुलिस की टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग में परेड में शामिल किया गया।

परेड में सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुरुष एवं महिला दल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना के पुरुष एवं महिला दल, एनसीसी के बालक एवं बालिका दल, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और श्वान दल ने हिस्सा लिया। महिला बैगपाइपर बैंड दल की आकर्षक प्रस्तुति ने भी समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।

केंद्रीय बलों में आईटीबीपी प्रथम

परेड के केंद्रीय बल वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की टुकड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता दल को मुख्यमंत्री ने 5 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। सीमा सुरक्षा बल ने द्वितीय तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बीएसएफ को 3 हजार रुपये और सीआरपीएफ को 2 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

राज्य बलों में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल अव्वल

राज्य बलों के वर्ग में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिसे 3 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष दल तृतीय स्थान पर रहा और उसे 2 हजार रुपये की नकद राशि तथा ट्रॉफी प्रदान की गई।

एनसीसी गर्ल्स ने मारी बाजी

कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में एनसीसी गर्ल्स दल ने प्रथम तथा एनसीसी बॉयज दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में परेड टू-आई-सी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैगपाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। परेड की प्रस्तुतियों में योगदान के लिए डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

भव्य परेड, देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट दलों के सम्मान के साथ पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और गौरव की भावना को और मजबूत किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments