Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedरक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष पहल, 10 रुपए में मिलेगा विशेष...

रक्षाबंधन पर डाक विभाग की विशेष पहल, 10 रुपए में मिलेगा विशेष राखी लिफाफा

1 से 29 अगस्त तक विशेष व्यवस्था, पीली पत्र पेटियों और विशेष काउंटरों के माध्यम से समय पर भाइयों तक पहुंचेंगी राखियां

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों के स्नेह का प्रतीक राखियां समय पर उनके भाइयों तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। विभाग ने छत्तीसगढ़ के सभी प्रधान डाकघरों एवं उपडाकघरों में मात्र 10 रुपए मूल्य का विशेष राखी लिफाफा उपलब्ध कराया है। इस लिफाफे के माध्यम से नागरिक स्पीड पोस्ट अथवा साधारण डाक से आसानी से राखी भेज सकते हैं।

राखी डाक के त्वरित प्रसंस्करण और समय पर वितरण को सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग ने 1 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया है। इस अवधि में राखी डाक के लिए अलग से पीले रंग की विशेष पत्र पेटियां स्थापित की गई हैं, जिनमें डाली गई डाक का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जाएगा।

अधीक्षक डाकघर, रायगढ़ संभाग ने बताया कि रायगढ़ जिले में प्रधान डाकघर रायगढ़, चक्रधरनगर उपडाकघर, सदर बाजार उपडाकघर तथा कमला नेहरू पार्क में विशेष पीले रंग की पत्र पेटियां लगाई गई हैं। इन पत्र पेटियों में डाली गई राखी डाक का शीघ्र प्रसंस्करण कर समय पर गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे राखी भेजने के लिए केवल इन विशेष पीले रंग की पत्र पेटियों का ही उपयोग करें, ताकि उनकी डाक प्राथमिकता के साथ भेजी जा सके। साथ ही लिफाफे पर प्राप्तकर्ता का पूरा नाम, पता तथा पिनकोड स्पष्ट और साफ अक्षरों में लिखने का आग्रह भी किया गया है, जिससे वितरण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

रायगढ़ प्रधान डाकघर में राखी डाक स्वीकार करने के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से नागरिक आसानी से अपनी राखियां जमा करा सकते हैं और आवश्यक डाक संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

भारतीय डाक विभाग ने विश्वास व्यक्त किया है कि अपनी व्यापक एवं सुदृढ़ डाक व्यवस्था के माध्यम से इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर लाखों बहनों के स्नेह और विश्वास का प्रतीक राखियां समय पर उनके भाइयों तक पहुंचाई जाएंगी। विभाग की यह विशेष पहल पर्व की भावनाओं को सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments