
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर रेल परिवार को दी शुभकामनाएं, संरक्षा, यात्री सुविधाओं और राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान

बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पारंपरिक उत्साह, उल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यालय परिसर में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।

समारोह के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के जवानों तथा स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। आरपीएफ बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कर्तव्यों का निर्वहन करें

अपने संबोधन में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि अमर स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।



महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेलवे देश की एकता, प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाली सशक्त जीवनरेखा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे संरक्षित, समयबद्ध, आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
यात्री सुविधाओं और स्टेशनों के आधुनिकीकरण पर जोर

महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं डिजिटल सेवाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों पर विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिनमें से छह स्टेशनों का उद्घाटन हाल ही में प्रधानमंत्री द्वारा किया गया। गत वर्ष 14 एस्केलेटर, पांच लिफ्ट एवं 12 नए फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध कराए गए। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए 207 स्टेशनों को व्हीलचेयर अनुकूल बनाया गया है।
माल ढुलाई में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे देश में प्रथम
माल ढुलाई के क्षेत्र में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 261.25 मिलियन टन माल लदान के साथ पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में 30,410 करोड़ रुपये की ऑरिजिनेटिंग फ्रेट आय के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 87.56 मिलियन टन माल लदान किया जा चुका है।
कवच प्रणाली के विस्तार से रेल संरक्षा को मजबूती
संरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली एवं स्वदेशी सुरक्षा तकनीक ‘कवच’ के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बिलासपुर-चांपा सेक्शन में 50 रूट किलोमीटर पर कवच एसआईएल-0 की कमीशनिंग तथा कलमना-सालवा सेक्शन में कवच एसआईएल-4.0 का सफल ट्रायल पूरा किया गया है। वर्तमान में 255 लोकोमोटिव कवच प्रणाली से लैस किए जा चुके हैं।
गत वर्ष 22 रोड ओवर ब्रिज एवं 29 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण पूर्ण किया गया, जबकि 36 समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है।
रेलवे के मानव संसाधन को बताया सबसे बड़ी शक्ति
महाप्रबंधक ने मानव संसाधन को रेलवे की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान 4,513 नए साथियों ने रेलवे परिवार में सेवाएं प्रारंभ की हैं। कर्मचारियों के कैरियर विकास एवं कल्याण के लिए प्रोन्नति, MACP, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति एवं वित्तीय प्रोत्साहन जैसी विभिन्न पहल की जा रही हैं।
सौर ऊर्जा और जल संरक्षण को बढ़ावा
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में गत वर्ष 2,264 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जुलाई 2026 तक अतिरिक्त 1,981 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर प्लांट कमीशन किए जा चुके हैं। रूफटॉप सोलर प्लांट से 1.71 करोड़ रुपये की बचत तथा 4,924 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई है। जल संरक्षण के लिए दो जलाशयों का निर्माण एवं उन्नयन तथा 17 स्टेशनों पर वाटर ऑडिट कराया गया है।
यात्री सुरक्षा और सामाजिक दायित्वों पर विशेष जोर
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के साथ मानवीय एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में किए जा रहे कार्यों की महाप्रबंधक ने सराहना की। उन्होंने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’, ‘ऑपरेशन अमानत’ एवं ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ सहित मादक पदार्थों एवं अवैध टिकट दलालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
वर्कशॉप और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की सराहना
महाप्रबंधक ने मैकेनिकल विभाग, सतर्कता, राजभाषा, चिकित्सा, भंडार एवं खेल सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की भी सराहना की। रायपुर वैगन रिपेयर शॉप ने 5,747 वैगनों का अब तक का सर्वाधिक पीओएच आउटटर्न हासिल किया है। मोतीबाग वर्कशॉप ने 490 कोचों का सर्वाधिक वार्षिक आवधिक अनुरक्षण आउटटर्न दर्ज किया। मोतीबाग वर्कशॉप को पहली बार सीआईआई की प्रतिष्ठित ग्रीनको गोल्ड रेटिंग प्राप्त हुई है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया समारोह का आकर्षण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं देशभक्ति से ओतप्रोत समूह नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। नन्हे प्रतिभागियों ने देशभक्ति एवं विभिन्न प्रेरणादायी रूपों में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित रेल परिवार एवं अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस के स्वयंसेवकों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सहयोग की सराहना करते हुए महाप्रबंधक ने सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में अपर महाप्रबंधक, सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, रेलकर्मियों के परिजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, मीडिया प्रतिनिधि तथा रेलवे स्कूल के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने सेवा, संरक्षा, समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और राष्ट्र विकास में अपनी महती भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

