Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित, चीन...

छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित, चीन में एशिया कप में दिखाएंगी दम

खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर की मधु सिदार और गीता यादव राष्ट्रीय टीम में शामिल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई; वीडियो कॉल पर तैयारियों की ली जानकारी

छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितम्बर 2026 तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर महिला एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर भारतीय टीम में चयन पर बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली और कहा कि दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन करेंगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर से तैयार हुई राष्ट्रीय टीम की खिलाड़ी

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयनित मधु सिदार और गीता यादव दोनों ही प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी एवं खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो तथा मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा को निखारा और राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया।

जशपुर की मधु सिदार ने मेहनत से बनाया राष्ट्रीय टीम तक का सफर

जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार कृषक परिवार से हैं। उनके माता-पिता खेती-किसानी से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मधु ने लगातार मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया है।

मधु सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2024-25, स्कूल नेशनल 2024-25 तथा हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप-2025 में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने आंध्रप्रदेश में 1 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में प्रदेश की टीम को चौथा स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा मार्च-अप्रैल 2026 में छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में भी उन्होंने हिस्सा लिया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण ले रही हैं।

कबीरधाम की गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का प्रारंभिक प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। अपनी प्रतिभा और निरंतर प्रदर्शन के बल पर उन्होंने कम समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

गीता के अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई, जब उन्होंने 12 से 21 नवम्बर 2024 तक नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे पर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद 15 मई से 2 जून 2025 तक अर्जेंटीना दौरे तथा 5 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे में भी वह भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। अब उन्हें चीन में होने वाले जूनियर महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, जहां उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनीं दोनों खिलाड़ी

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर में उपलब्ध आधुनिक प्रशिक्षण, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन योजनाओं का सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। मधु सिदार और गीता यादव का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। दोनों खिलाड़ी आगामी जूनियर महिला एशिया कप में अपने प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments