
गरियाबंद में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश, राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और विकास कार्यों में गुणवत्ता पर दिया जोर

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने खनिज विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेत, मुरुम, पत्थर सहित अन्य गौण खनिजों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा नियमित जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण
प्रभारी मंत्री ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान खाता विभाजन, नामांतरण, सीमांकन, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, न्यायालयीन प्रकरण एवं डायवर्सन संबंधी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित एनओसी प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने तथा अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आवास योजनाओं और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने, भूमिहीन परिवारों के स्वीकृत आवासों की नियमित निगरानी करने तथा व्यक्तिगत शौचालयों का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
दयालदास बघेल ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अधिक से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर बड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि बैंकों के समन्वय से महिलाओं की रुचि एवं आजीविका गतिविधियों के अनुरूप आवेदन भरवाकर उन्हें ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़ सकें।
उन्होंने आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हस्तशिल्प, मसाला प्रसंस्करण, मुर्गी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन तथा अन्य स्वरोजगार गतिविधियों का विस्तार करने और इनके लिए बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले सभी शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से दी जाए। साथ ही विभागीय सामग्रियों का वितरण भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जाए।
निर्माण कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे हों
बैठक में लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन सड़क, भवन तथा अन्य अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में राजिम विधायक रोहित साहू, कलेक्टर बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, वनमंडलाधिकारी शशिगानंदन के., जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

