
बीजापुर के मेधावी विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से साकार हो रहे सपने

आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। इस योजना के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।
बीजापुर जिले के विभिन्न विकासखंडों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का इस योजना के तहत चयन हुआ है। विकासखंड उसूर के ग्राम बसागुड़ा की छात्रा सान्वी संगम तथा भैरमगढ़ विकासखंड के ग्राम छोटे गोगला के छात्र आदित्य कोरसा का चयन दिल्ली पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव में हुआ है। वहीं भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा परिधि कावटी, बीजापुर विकासखंड के ग्राम सागमेटा के छात्र देवांश जनगम तथा ग्राम गुल्लागुड़ा की छात्रा निहारिका नीकुरी का चयन हम एकेडमी, जगदलपुर में हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों के अभिभावकों ने बताया कि वे श्रमिक परिवार से हैं और सीमित आय के कारण बच्चों को निजी विद्यालयों में पढ़ाना संभव नहीं था। श्रम विभाग में पंजीयन के बाद उन्हें अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की जानकारी मिली। आवेदन करने पर बच्चों की प्रतिभा के आधार पर उनका चयन हुआ, जिससे अब उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो रही है।
कलेक्टर विश्वदीप ने चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने माता-पिता, समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों के चयन पर शुभकामनाएं भी दीं।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को समान अवसर प्रदान कर उनके सपनों को नई पहचान देने का प्रभावी माध्यम बन रही है। यह योजना सामाजिक समावेशन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

