
भारी बारिश, तेज आंधी और 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी, किसानों व आमजन को सतर्क रहने की सलाह
बालाघाट, 12 जुलाई। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा जारी पांच दिवसीय मध्यम अवधि के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बालाघाट जिले में 15 जुलाई को मौसम अत्यंत खराब रहने की संभावना है। इस दिन भारी वर्षा, आकाशीय बिजली, आंधी-तूफान तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। वहीं 11 से 14 जुलाई तक जिले में मध्यम बादल छाए रहने तथा सामान्य से मध्यम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
जिला कृषि मौसम इकाई एवं कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र अगासे ने बताया कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय वायु में आर्द्रता 87 से 91 प्रतिशत तथा दोपहर में 62 से 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सामान्य दिनों में दक्षिण दिशा से 6 से 7 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलेंगी, जबकि 15 जुलाई को तेज आंधी के साथ हवाओं की गति अचानक बढ़ सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों को मौसम पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि कार्यों की योजना बनाने, खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने तथा आंधी-तूफान एवं बिजली कड़कने के दौरान खेतों में कार्य नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही सुरक्षित स्थान पर रहने और फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार 15 जुलाई को संभावित भारी वर्षा और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों, ग्रामीणों एवं शहरी नागरिकों को पहले से सतर्क रहना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की जन-धन हानि से बचा जा सके।

