
निःस्वार्थ सेवा और स्वच्छता के प्रति समर्पण को मिला सम्मान, महादेव घाट पर चलाया जनजागरूकता अभियान
रायपुर। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा महादेव घाट में स्वच्छता और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वच्छता वीर शंकर गुंडे का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया। समिति ने उनके निःस्वार्थ सेवा भाव, श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति समय-समय पर महादेव घाट सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान संचालित करती रही है। इसी दौरान उनकी मुलाकात शंकर गुंडे से हुई, जो किसी सरकारी दायित्व के तहत नहीं, बल्कि स्वेच्छा से घाट परिसर और एनीकट क्षेत्र में जमा कचरे तथा जलकुंभी को हटाकर स्वच्छता बनाए रखने का कार्य कर रहे थे।
समिति द्वारा उनके कार्यों का कुछ समय तक अवलोकन और सतत मूल्यांकन किया गया। उनके सेवा कार्यों को प्रेरणादायी और समाजहित में उपयोगी पाए जाने पर समिति ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर शंकर गुंडे ने भी स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के साथ जुड़कर स्वच्छता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर प्रभारी जन्मेजय गुप्ता ने आमजन से स्वच्छता अभियान में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि जिस प्रकार शंकर गुंडे स्वेच्छा से श्रमदान कर समाज को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक को नदी, तालाब, मंदिर और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थान पर ही डालने का आग्रह किया।
सम्मान समारोह में संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र कुमार, रायपुर प्रभारी जन्मेजय गुप्ता, शंकर गुंडे, सुशील बंजारे, गोपाल नायक सहित समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को निरंतर जागरूक करने का संकल्प भी लिया गया।

