Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedसमनापुर के जंगल में आबकारी का सबसे बड़ा शिकंजा, 4.06 लाख की...

समनापुर के जंगल में आबकारी का सबसे बड़ा शिकंजा, 4.06 लाख की अवैध सामग्री जब्त व नष्ट

4 हजार किलो महुआ लाहन और 40 लीटर कच्ची शराब बरामद, संयुक्त टीम की ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप

संवाददाता सत्यशील गोंडाने मूकनायक बलाघाट

बैहर/बालाघाट। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने गुरुवार को समनापुर के जंगल में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण के अड्डे का भंडाफोड़ किया। संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान लगभग 4,000 किलो महुआ लाहन एवं 40 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची शराब बरामद कर जब्त की। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 4 लाख 6 हजार रुपये आंका गया है। नियमानुसार आवश्यक नमूने सुरक्षित रखने के बाद शेष महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह कार्रवाई कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आबकारी वृत्त बालाघाट, वारासिवनी एवं लांजी की संयुक्त टीम ने समनापुर के जंगल में नाला किनारे अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ड्रमों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में महुआ लाहन तथा कच्ची शराब बरामद की गई।

मामले में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत दो प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा इस पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक रमाकांत बघेल, संदीप श्रीवास, ज्योति सोनी, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, मुख्य आरक्षक नरसिंह टेकाम तथा आरक्षक भानु मर्सकोले, अनिता कुमरे, भूपेंद्र मरावी और विशाल धुर्वे सहित संयुक्त टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments