Friday, July 17, 2026
HomeUncategorizedमौत का मंजर बनने से पहले चला बुलडोजर, ईतवारी बाजार की जर्जर...

मौत का मंजर बनने से पहले चला बुलडोजर, ईतवारी बाजार की जर्जर दुकान ध्वस्त

नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई, संभावित हादसे को टालने के लिए मशीनों से हटाया गया खतरनाक भवन

मूकनायक समाचार/ सत्यशील गोंडाने/ बालाघाट

बालाघाट। शहर के व्यस्ततम ईतवारी बाजार क्षेत्र में मंगलवार को नगर पालिका परिषद बालाघाट ने एक जर्जर एवं खतरनाक दुकान को ध्वस्त कर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया। आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका की टीम ने मशीनों की सहायता से भवन को डिस्मेंटल किया।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उके ने बताया कि संबंधित भवन स्वामी को पूर्व में नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा में भवन नहीं हटाए जाने पर नगर पालिका ने कार्रवाई करते हुए जर्जर दुकान को मशीनों से ध्वस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में जर्जर भवनों के गिरने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। ऐसे में जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है तथा चिन्हित भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशानुसार जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कराया जा रहा है। जिन भवनों से जनहानि की आशंका है, उन्हें चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

नगर पालिका परिषद बालाघाट ने सभी भवन स्वामियों से अपील की है कि यदि उनके मकान या दुकानें जर्जर अवस्था में हैं तो उन्हें तत्काल सुरक्षित कराएं अथवा स्वयं हटाने की कार्रवाई करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खतरनाक भवनों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments