Friday, July 17, 2026
HomeUncategorizedडबल मनी के लालच में बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, 48 घंटे...

डबल मनी के लालच में बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, 48 घंटे में पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

09 आरोपी गिरफ्तार, दो चाकू और मोबाइल जब्त, फरार दो आरोपियों की तलाश जारी

मूकनायक समाचार/ सत्यशील गोंडाने/ बालाघाट

बालाघाट/किरनापुर। बालाघाट जिले की किरनापुर पुलिस ने बुजुर्ग महिला पर हुए जानलेवा हमले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार घटना 11 जुलाई 2026 की रात ग्राम कलकत्ता की है। 48 वर्षीय लीलाबाई महेश्वरे अपने घर में अकेली थीं। देर रात करीब 12:30 बजे अज्ञात बदमाश घर में घुसा और महिला का मुंह दबाकर धारदार हथियार से सिर, हाथ और चेहरे पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को डायल-112 की सहायता से तत्काल किरनापुर अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में थाना किरनापुर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल का गठन किया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। मौके से मिले मोबाइल फोन और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही वंश कुथे निवासी रजेगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

जांच में सामने आया कि आरोपियों को सूचना मिली थी कि लीलाबाई महेश्वरे के घर में तथाकथित “डबल मनी” योजना से प्राप्त बड़ी रकम गाड़कर रखी गई है। इसी लालच में सभी आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हथियारों के साथ घर में घुसकर महिला पर हमला किया। हालांकि आरोपियों को कोई धनराशि नहीं मिली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

पुलिस ने मामले में वंश कुथे, विजय गोंडाडु उर्फ मामाजी, धनेश्वर पांचे, रविंद्र उर्फ रवि वागडे, अंकित राहगडाले, रामसिंग मर्सकोले, राजेश उर्फ नानू भैया बिसने, नितेंद्र उर्फ गोलू अगासे तथा आयर्न कुथे को गिरफ्तार किया है। वहीं शुभम हिंगे और रामा भोयर की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी किरनापुर उपनिरीक्षक राजकुमार चौधरी, चौकी प्रभारी किन्ही उपनिरीक्षक प्रदीप बघेल, उपनिरीक्षक दामेंद्र तुरकर सहित थाना एवं पुलिस बल के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments