Saturday, July 25, 2026
HomeUncategorizedमोहगांव खुर्द इंडेन गैस एजेंसी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, स्टॉक में...

मोहगांव खुर्द इंडेन गैस एजेंसी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, स्टॉक में अनियमितता मिलने पर प्रकरण दर्ज

संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर जिले में गैस एजेंसियों की विशेष जांच अभियान के तहत किरनापुर विकासखंड के ग्राम मोहगांव खुर्द स्थित इंडेन ग्रामीण गैस वितरक एजेंसी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक में अनियमितता, अभिलेखों में गड़बड़ी तथा अनधिकृत स्थान पर गैस सिलेंडरों का भंडारण पाए जाने पर एजेंसी संचालक गुलाबचंद पारधी एवं सालिगराम पारधी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जिला आपूर्ति अधिकारी एस.के. भलावी के निर्देशन में गठित जांच दल ने एजेंसी के स्टॉक, अभिलेखों एवं गोदाम का निरीक्षण किया। जांच में विभिन्न श्रेणियों के घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की संख्या रिकॉर्ड से मेल नहीं खाई। कई सिलेंडर अधिक एवं कई कम पाए गए, जिससे स्टॉक संधारण में गंभीर अनियमितता सामने आई।

निरीक्षण के दौरान राइस मिल परिसर से लगी एक दुकान के कक्ष में गोदाम के अतिरिक्त अनधिकृत स्थान पर भी बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर भंडारित मिले। जांच दल ने इसे द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 का उल्लंघन माना।

प्रथम दृष्टया अनियमितताओं की पुष्टि होने पर जांच दल ने मौके पर पंचनामा, जब्ती एवं सुपुर्दगी की कार्रवाई की। इसके बाद आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत एजेंसी संचालक गुलाबचंद पारधी एवं सालिगराम पारधी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले गैस वितरकों एवं आवश्यक वस्तुओं के कारोबार में अनियमितता बरतने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments