


पुराना पावर हाउस, डेवरीडीह और दयालबंद क्षेत्र में जलभराव से आवागमन बाधित, जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
संवाददाता : अजय साहू, बिलासपुर
बिलासपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर के तोरवा क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पुराना पावर हाउस, डेवरीडीह, पुराना पेट्रोल पंप और दयालबंद चौक सहित कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


तोरवा स्थित पुराने पावर हाउस के आसपास सड़कें पानी में डूब गईं। डेवरीडीह क्षेत्र में कई घरों और गलियों में बारिश का पानी भर जाने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। सड़क किनारे स्थित कई मकानों में पानी घुस जाने से परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


लगातार बारिश के कारण पुराने नाले का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया। नालों में पानी क्षमता से अधिक भरकर बहने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलभराव और बढ़ गया। वर्षों से बंद पड़े पुराने पेट्रोल पंप परिसर में भी पानी भर गया और आसपास का इलाका पूरी तरह जलमग्न नजर आया।



दयालबंद चौक पर भी भारी जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। राहगीरों और वाहन चालकों को पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति निर्मित होती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने, नालों की नियमित सफाई कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आगामी दिनों में होने वाली बारिश से स्थिति और गंभीर हो सकती है।

