बालाघाट को मिले नए कलेक्टर कुमार सत्यम, मृणाल मीणा संभालेंगे छतरपुर की कमान
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने-/ भोपाल/बालाघाट
मध्यप्रदेश शासन ने जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के आदेश जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की है। इस फेरबदल के तहत बालाघाट, शहडोल, छतरपुर, रतलाम, मंदसौर, अनूपपुर, खरगोन और आगर-मालवा सहित कई महत्वपूर्ण जिलों में नए जिला कलेक्टर पदस्थ किए गए हैं। राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा, बेहतर सुशासन और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सबसे अधिक चर्चा बालाघाट जिले में हुए बदलाव को लेकर है। यहां पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से कलेक्टर के रूप में कार्यरत मृणाल मीणा का तबादला कर उन्हें छतरपुर जिले का नया कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर कुमार सत्यम को बालाघाट जिले की कमान सौंपी गई है। कुमार सत्यम इससे पूर्व ग्वालियर में अपर कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे और प्रशासनिक कार्यों में उनकी कार्यशैली को प्रभावी माना जाता है।
मान.मृणाल मीणा का कार्यकाल रहा सक्रिय
बालाघाट में कलेक्टर के रूप में मृणाल मीणा का कार्यकाल प्रशासनिक सक्रियता और जनहित से जुड़े निर्णयों के लिए याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में जिले में नशा मुक्ति अभियान, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, खाद्य सुरक्षा अभियान, गैस एजेंसियों और खाद-बीज विक्रेताओं पर कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन और मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान सहित अनेक महत्वपूर्ण पहलें संचालित की गईं।
इसके अलावा जिले में विभिन्न विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा, समय-सीमा की बैठकों के माध्यम से अधिकारियों की जवाबदेही तय करना, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, आदिवासी क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक पहुंच बढ़ाने के लिए भी उन्होंने कई कदम उठाए।
अब कुमार सत्यम के सामने नई जिम्मेदारियां
बालाघाट जैसे भौगोलिक दृष्टि से बड़े और आदिवासी बाहुल्य जिले की जिम्मेदारी अब कुमार सत्यम के हाथों में होगी। जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, वनाधिकार, रोजगार, सिंचाई, ग्रामीण विकास तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। इसके साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखना भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी होगी।
जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों को नए कलेक्टर से विकास कार्यों में और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
प्रदेशभर में कई जिलों में बदले कलेक्टर
शासन द्वारा जारी तबादला सूची में कई अन्य जिलों के कलेक्टरों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
- पार्थ जायसवाल को शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है। वे पहले छतरपुर में कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे।
- -अजय कटेसरिया को रतलाम जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है*।
- मिशा सिंह को रतलाम कलेक्टर पद से हटाकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में अपर आयुक्त बनाया गया है।
- रत्नाकर झा को अनूपपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- -दिव्यांक सिंह को मंदसौर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है-।
- गुरु प्रसाद को खरगोन जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
- डॉ. शेर सिंह मीणा को आगर-मालवा जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा निर्णय
विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य सरकार समय-समय पर प्रशासनिक आवश्यकताओं, विकास कार्यों की गति और शासन की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण करती है। इससे जिलों में नई कार्यशैली, नई सोच और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की संभावनाएं बढ़ती हैं। आगामी महीनों में इन नए अधिकारियों के नेतृत्व में विकास परियोजनाओं और जनहित के कार्यों की गति पर विशेष नजर रहेगी।
बालाघाट की जनता की अपेक्षाएं
बालाघाट जिले के नागरिकों को नए कलेक्टर कुमार सत्यम से उम्मीद है कि वे प्रशासन को और अधिक जनोन्मुखी बनाते हुए लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। विशेष रूप से ग्रामीण सड़कें, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आदिवासी क्षेत्रों का विकास, किसानों की समस्याओं का समाधान, अवैध उत्खनन पर नियंत्रण तथा शासन की योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
प्रमुख तबादले एक नजर में
- कुमार सत्यम – कलेक्टर, बालाघाट
- मृणाल मीणा – कलेक्टर, छतरपुर
- पार्थ जायसवाल – कलेक्टर, शहडोल
- अजय कटेसरिया – कलेक्टर, रतलाम
- रत्नाकर झा – कलेक्टर, अनूपपुर
- दिव्यांक सिंह – कलेक्टर, मंदसौर
- गुरु प्रसाद – कलेक्टर, खरगोन
- डॉ. शेर सिंह मीणा – कलेक्टर, आगर-मालवा
- मिशा सिंह – अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग

