वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न, पारदर्शी निर्वाचन पर दिया गया जोर
संवाददाता : सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
बालाघाट। राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एस. धुर्वे (आईएएस) ने की।
बैठक में निर्वाचन प्रवर सहायक अधीक्षक (स्थानीय निर्वाचन) दीपक चौरगड़े, इलेक्शन सुपरवाइजर तथा बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में डुप्लीकेट मतदाताओं पर की जा रही कार्रवाई, ऑनलाइन मतदाता पंजीयन, दावा-आपत्ति केंद्रों की व्यवस्था, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निराकरण तथा राजनीतिक दलों को मतदाता सूची उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के उपरांत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एस. धुर्वे ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।

