वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर दिया गया जोर
संवाददाता: सत्यशील गोंडाने, बालाघाट
बालाघाट। राज्य निर्वाचन आयोग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एस. धुर्वे (आईएएस) ने की।
बैठक में निर्वाचन प्रवर सहायक अधीक्षक (स्थानीय निर्वाचन) दीपक चौरगड़े, इलेक्शन सुपरवाइजर तथा बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव एवं विचार रखे।
बैठक में डुप्लीकेट मतदाताओं पर की जा रही कार्रवाई, ऑनलाइन मतदाता पंजीयन, दावा-आपत्ति केंद्रों की स्थापना, प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निराकरण तथा राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक के उपरांत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रदान की गई।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जी.एस. धुर्वे ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं प्रभावी बनाया जा रहा है।

