Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedभारी बारिश से छात्रावास की छत का हिस्सा गिरा, छात्र घायल; विश्वविद्यालय...

भारी बारिश से छात्रावास की छत का हिस्सा गिरा, छात्र घायल; विश्वविद्यालय ने तत्काल की कार्रवाई

रायपुर। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के शिवम् छात्रावास में एक कमरे की छत का हिस्सा अचानक गिरने से एक छात्र घायल हो गया। घटना 2 जुलाई की रात लगभग 11:30 बजे हुई, जिसमें छात्र नीरज कुमार के सिर पर हल्की चोट आई।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रावास के विद्यार्थियों ने घायल छात्र को तत्काल निकट स्थित लक्ष्मीकांत अस्पताल में भर्ती कराया। विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमोले ने उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय जांच की निगरानी की। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की सभी जांच रिपोर्ट सामान्य हैं और वह पूरी तरह स्वस्थ एवं सुरक्षित है।

सुरक्षा की दृष्टि से छात्र नीरज कुमार तथा उसके साथ रहने वाले अन्य विद्यार्थियों को सुरक्षित कमरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कुलसचिव, अधिष्ठाता, निर्माण एवं अनुरक्षण प्रभारी तथा छात्रावास अधीक्षकों की आपात बैठक बुलाकर आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने घायल छात्र के उपचार के लिए तत्काल बजट स्वीकृत करने के साथ ही शिवम् छात्रावास सहित अन्य भवनों की मरम्मत और संरचनात्मक सुरक्षा परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

कुलपति ने यह भी निर्देशित किया कि जिन कमरों में मरम्मत कार्य होना है, वहां रहने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय अतिथि गृह अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

घटना के बाद कुलपति ने अधिकारियों के साथ सत्यम छात्रावास का भी निरीक्षण किया और आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है तथा वर्षा ऋतु को देखते हुए भवनों की सुरक्षा, स्वच्छता और विद्यार्थियों की सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन के अनुसार सत्यम छात्रावास विश्वविद्यालय के सबसे पुराने छात्रावासों में से एक है, जिसका निर्माण वर्ष 1960 के दशक में हुआ था। वर्तमान घटना के बाद सभी छात्रावासों की संरचनात्मक सुरक्षा का व्यापक परीक्षण और आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments