Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedप्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मीय स्वागत, मेधावी एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति वाली...

प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी छात्राओं का आत्मीय स्वागत, मेधावी एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति वाली छात्राओं का हुआ सम्मान

जांजगीर। शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर में शनिवार को प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान पाठक जयंती दुबे ने की। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपी एवं पेन वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ कार्यसमिति सदस्य एवं जशपुर जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया थे। विशिष्ट अतिथियों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाटले, पूर्व जिला मिशन समन्वयक हरिराम जायसवाल, समग्र शिक्षा के एपीसी दिनेश सोनवान, हेमलता शर्मा, जनप्रतिनिधि रक्षा सिंह तथा शैक्षिक समन्वयक अमित थवाईत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश तिवारी ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। स्वागत भाषण में प्रधान पाठक जयंती दुबे ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय पोषक शाला नहीं होने के बावजूद शिक्षक-शिक्षिकाएं निरंतर घर-घर संपर्क कर छात्राओं को विद्यालय से जोड़ने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि अमर सुल्तानिया सहित अन्य अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों से प्रत्येक बालिका को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन की शिक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को नियमित अध्ययन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, कॉपी एवं पेन प्रदान किए गए। विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी अतिथियों ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा न्यौता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्राओं, अभिभावकों एवं अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं रविकांत पांडेय, सुधा शर्मा, ललिता स्वर्णकार एवं अंजू राठौर सहित विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में अमित थवाईत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments