Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedपीएम सूर्य घर योजना शिविर में किसानों को किया गया जागरूक, लाभार्थियों...

पीएम सूर्य घर योजना शिविर में किसानों को किया गया जागरूक, लाभार्थियों का हुआ पंजीयन

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने

डोंगरमाली (बालाघाट)। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशानुसार वितरण केंद्र डोंगरमाली अंतर्गत पंचायत भवन में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जागरूकता एवं लाभार्थी पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वारासिवनी कार्तिकेय जायसवाल (आईएएस) ने की।

कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता बाबूलाल भैना, डोंगरमाली सरपंच मनोज लिल्हारे, बिठोड़ी सरपंच कैलाश नगपूरे, लावणी सरपंच चुन्नीलाल भुजाड़े, सहायक अभियंता राहुल तुरकर, कनिष्ठ अभियंता मनोज ठाकरे सहित जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अनुविभागीय अधिकारी कार्तिकेय जायसवाल ने उपस्थित किसानों एवं ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ-साथ बिजली व्यय में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ लेकर स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यपालन अभियंता बाबूलाल भैना ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद हितग्राहियों को 25 से 30 वर्षों तक बिजली उत्पादन का लाभ मिल सकता है। उन्होंने बताया कि संयंत्र की स्थापना के बाद पहले पांच वर्षों तक अधिकृत वेंडर द्वारा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मरम्मत एवं रखरखाव की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने जानकारी दी कि योजना के तहत एक किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये तथा तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये तक की शासकीय सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि पात्र हितग्राहियों के बैंक खाते में संयंत्र स्थापना के लगभग एक माह के भीतर सब्सिडी की राशि जमा की जाती है। साथ ही सोलर संयंत्र पर किया गया निवेश सामान्यतः तीन से चार वर्षों में वसूल हो जाता है, जिसके बाद उपभोक्ता लंबे समय तक कम लागत पर बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यपालन अभियंता ने यह भी बताया कि यदि किसी हितग्राही को बैंक ऋण प्राप्त करने, आवेदन प्रक्रिया अथवा अधिकृत वेंडर के चयन में किसी प्रकार की कठिनाई आती है, तो वे सीधे विद्युत विभाग से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर में लगभग 60 ग्रामीणों ने भाग लेकर योजना की जानकारी प्राप्त की तथा अनेक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों से अधिकाधिक ग्रामीण प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments