मूकनायक/ दुर्गेन्द्र सम्राट उप संपादक उत्तर प्रदेश, बस्ती/ उत्तर प्रदेश
बस्ती। जनपद बस्ती की हरैया पुलिस ने स्वाट एवं सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा किया है पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो मोटरसाइकिल, चार एंड्रॉयड मोबाइल, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा 32200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरैया थाना क्षेत्र के बभनान रोड पर कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं सूचना के आधार पर हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त घेराबंदी की कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया जबकि दो आरोपी भागने लगे कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसल गई इसी दौरान आरोपी सुजीत पासी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हरैया, दुबौलिया, कप्तानगंज और गौर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हुआ पुलिस ने करीब 33 ग्राम सोने एवं 1.2 किलोग्राम चांदी के आभूषण, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त सब्बल और प्लास बरामद किए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जगतू, सर्वेश चौहान, रामजी चौरसिया, सुधाकर और सुजीत पासी के रूप में हुई है सभी आरोपी जनपद सीतापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर अलग-अलग जिलों में मजदूरी के बहाने पहुंचते थे गांवों की रेकी करने के बाद देर रात बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करते थे वारदात के बाद वे तुरंत ठिकाना बदल लेते थे और चोरी के सामान को कम कीमत पर बेचकर प्राप्त धनराशि मौज-मस्ती और शराब में खर्च कर देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने हरैया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।

