Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedजिले में अब तक केवल 87 मिमी वर्षा, सामान्य से कम बारिश...

जिले में अब तक केवल 87 मिमी वर्षा, सामान्य से कम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता

वारासिवनी में सर्वाधिक 185 मिमी तो खैरलांजी में सबसे कम 30 मिमी वर्षा दर्ज

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट जिले में मानसून की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है। एक जून से एक जुलाई 2026 तक जिले में केवल 87 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में हुई 163 मिलीमीटर वर्षा की तुलना में काफी कम है। सामान्य से कम बारिश के कारण खरीफ फसलों की बुआई को लेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है।

कार्यालय अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 1447 मिलीमीटर है। वहीं एक जून से एक जुलाई तक औसतन 231 मिलीमीटर वर्षा हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 87 मिलीमीटर वर्षा ही दर्ज की गई है।

बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 26 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान बालाघाट तहसील में सर्वाधिक 79 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा वारासिवनी में 28 मिमी, बैहर में 28 मिमी, लांजी में 33 मिमी, कटंगी में 14 मिमी, किरनापुर में 9 मिमी, खैरलांजी में 22 मिमी, लालबर्रा में 31 मिमी, बिरसा में 1 मिमी, परसवाड़ा में 15 मिमी तथा तिरोड़ी में 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

चालू वर्षा सत्र में वारासिवनी तहसील 185 मिलीमीटर वर्षा के साथ जिले में सबसे आगे है, जबकि खैरलांजी तहसील में सबसे कम 30 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा बालाघाट में 151 मिमी, बैहर में 90 मिमी, लांजी में 104 मिमी, कटंगी में 31 मिमी, किरनापुर में 71 मिमी, लालबर्रा में 81 मिमी, बिरसा में 27 मिमी, परसवाड़ा में 75 मिमी तथा तिरोड़ी में 104 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार अधिकांश तहसीलों में वर्षा का स्तर कम रहा है। वर्ष 2025 में इसी अवधि तक जिले में औसतन 163 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।

मौसम विभाग एवं जिला प्रशासन की नजर आगामी दिनों की वर्षा पर टिकी हुई है। यदि जल्द पर्याप्त बारिश नहीं होती है तो खरीफ सीजन की बुआई और फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है। फिलहाल जिले के किसान अच्छी वर्षा की उम्मीद में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने का इंतजार कर रहे हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments