
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समिति की बैठक में प्रस्तावों को मंजूरी, चार जिलों में स्थापित होंगे मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
रायपुर, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने का निर्णय लिया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इन परियोजनाओं को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में प्रदेश के चार जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद उन्हें मंजूरी दी गई। इसके तहत राजनांदगांव जिले के पटेवा में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, धमतरी जिले के पटेवा में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, जांजगीर-चांपा जिले के धूम्रपाली में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तथा बस्तर जिले के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
यह पहल केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक योजना के अंतर्गत की जा रही है, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार अपनी औद्योगिक विकास नीति के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। योजना के सफल क्रियान्वयन तथा विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृति प्रदान करने के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. सारांश मित्तर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव इफ्फत आरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

