
कोरबा, । जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी और 1 हाइवा सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया गया है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा, पताढ़ी सहित जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी को पकड़ा गया। इसके अलावा लाल ईंट का अवैध परिवहन करते हुए 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी के चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाइवा भी जब्त किया गया। जब्त किए गए वाहनों को थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार तथा खनिज जांच नाका उरगा और कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध खान एवं खनिज अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

