
कोरमी। ग्राम पंचायत कोरमी के दैहान मोहल्ला की लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क लगातार बारिश के बाद पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाली के कारण ग्रामीणों, पंचायत कर्मियों तथा स्कूली विद्यार्थियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। कीचड़ और फिसलन के कारण कई बच्चे रास्ते में गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े, पुस्तकें और अन्य शैक्षणिक सामग्री खराब हो जाती है। इससे उन्हें विद्यालय पहुंचने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण की मांग कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है तथा लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत शासकीय राशन पहुंचाने वाले वाहनों को भी आवागमन में परेशानी होती है, जिससे हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय इस जर्जर मार्ग का शीघ्र स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों, ग्रामीणों तथा आवश्यक सेवाओं का आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

