
प्रतिमा निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नगरीय प्रशासन विभाग की बड़ी कार्रवाई
रायपुर, 31 जुलाई। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका के अटल परिसर में स्थापित भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में संचालनालय द्वारा निलंबन आदेश जारी कर दिया गया है।
यह कार्रवाई प्रतिमा निर्माण को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद की गई। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में प्रतिमा निर्माण कार्य प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत पाए जाने, प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने तथा कांस्य प्रतिमा के निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने जैसी गंभीर अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है।
जांच प्रतिवेदन में निर्माण कार्य के दौरान उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को इन अनियमितताओं के लिए उत्तरदायी माना गया है। विभाग ने इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए उनके विरुद्ध तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि के दौरान चन्द्र प्रकाश जायसवाल का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

