
माध्यमिक शिक्षक (सांदीपनी) के रूप में चयन पर विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं, हर वर्ष मेधावी छात्रा को नगद पुरस्कार देने की घोषणा
दमोह (बालाघाट)। शासकीय कन्या हाई स्कूल दमोह में पदस्थ अतिथि शिक्षक माखनलाल हिरवाने के माध्यमिक शिक्षक (सांदीपनी) के पद पर चयन होकर सी.एम. राइज विद्यालय जबेरा, जिला दमोह (सागर संभाग) में पदस्थापना होने पर एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दमोह में सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार ने उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य, अनुशासित कार्यशैली एवं विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह के मुख्य अतिथि एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के. एस. छेदाम तथा अध्यक्षता संस्था प्रमुख प्रेमलता बिसेन ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक बी. आर. बिसेन, एस. आर. उके, जसिन्ता खलको सहित समस्त शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ ने पुष्पहार, तिलक एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर माखनलाल हिरवाने का आत्मीय सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य के. एस. छेदाम ने अपने संबोधन में कहा कि माखनलाल हिरवाने ने अपने उत्कृष्ट शिक्षण, अनुशासित कार्यशैली, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण तथा विद्यालय के प्रति निष्ठापूर्ण सेवाओं से सभी का विश्वास और सम्मान अर्जित किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई पदस्थापना पर भी वे अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता से शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ हासिल करेंगे तथा विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।
संस्था प्रमुख प्रेमलता बिसेन एवं अन्य शिक्षकों ने भी उनके सौम्य व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा, विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान से अभिभूत माखनलाल हिरवाने ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दमोह विद्यालय से मिला स्नेह, सहयोग और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर कक्षा दसवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को वे अपनी ओर से नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करेंगे, ताकि विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलता रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने स्मृति-चिह्न भेंट कर माखनलाल हिरवाने को सम्मानपूर्वक विदाई दी। समारोह में सुषमा धारणे, वृन्दा मेश्राम, ममता वाहने, पूजा सोनी, संध्या राहंगडाले, रवि कावरे, समलबती खैरवार, शीला गौतम, बिलसोबाई तुरकर, दशरथ राठौर सहित समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं सहयोगी स्टाफ उपस्थित रहे।

