


‘हरा-भरा, स्वच्छ धरा’ के संकल्प के साथ पर्यावरण प्रेमियों से मुलाकात, पौधारोपण और संरक्षण का दिया संदेश
मूकनायक समाचार
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे पर्यावरण प्रेमियों से मुलाकात की, उनके द्वारा पूर्व में लगाए गए पौधों का निरीक्षण किया तथा उन्हें विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर नवनीत कुमार हरदेल पुराना बस स्टैंड स्थित वेल्डिंग व्यवसायी सुभाष यादव से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व सुभाष यादव ने दुकान के सामने नीम के पौधे लगाने का संकल्प लिया था। उस समय उन्हें पौधों की सुरक्षा के लिए ऊंचे ट्री गार्ड लगाने की सलाह दी गई थी। पर्यावरण दिवस पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोनों नीम के पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो रहे हैं और उनके चारों ओर लगभग आठ फीट ऊंचे ट्री गार्ड लगाए गए हैं। इस कार्य के लिए सुभाष यादव को बधाई दी गई। उनकी पहल से प्रेरित होकर आसपास के अन्य दुकानदारों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
इसके पश्चात आदर्श ग्राम तिरगा में पर्यावरण प्रेमी लुकेश कुमार देशमुख से मुलाकात कर उनके द्वारा पूर्व में किए गए पौधारोपण कार्यों का निरीक्षण किया गया। ग्राम में लगाए गए पौधों की स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर उनके प्रयासों की सराहना की गई तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आदर्श ग्राम तिरगा स्थित प्यारे लाल बेलचंदन विद्यालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान नवनीत कुमार हरदेल ने अपनी रचित पंक्तियां—
“जितने काटोगे पेड़, उससे अधिक हम लगाएंगे।
ज़मीं कम पड़ी तो क्या हुआ, फलक में भी उगाएंगे।।”
—सुनाकर विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में फूलदार एवं फलदार पौधों का रोपण किया।
समिति द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र एवं भिलाई नगर सेक्टर-07 क्षेत्र में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में नवनीत कुमार हरदेल, लुकेश देशमुख, आनंद कपूर ताम्रकार, भीमा चौहान, सुभाष यादव, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, सुरेन्द्र साहू, ईश्वरी देशमुख सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।


