स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 174वें सप्ताह स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में दुर्ग, भिलाई, रिसाली, बालोद एवं आसपास के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान शिवनाथ नदी घाट, मुक्ति धाम गार्डन, परी गार्डन हुडको, दशहरा मैदान रिसाली, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर, कपिश्वर धाम तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न स्थानों से प्लास्टिक, झिल्ली, पानी की बोतलें, गुटखा पाउच, डिस्पोजल सामग्री, पूजा सामग्री एवं अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। साथ ही गाजर घास उखाड़कर पूर्व में लगाए गए पौधों की देखभाल भी की गई।
समिति ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे नदी, तालाब, मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग दें। अभियान के दौरान बैनर, स्लोगन, कविताओं एवं नारों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया।
संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने दुर्ग नगर निगम से शिवनाथ नदी घाट पर एकत्रित कचरे का नियमित रूप से उठाव कराने तथा नदी एवं तालाबों में पूजा सामग्री विसर्जन के लिए पृथक कुंड निर्माण की मांग दोहराई। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी कम से कम प्लास्टिक एवं पूजा सामग्री का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि “स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है।”
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति स्वयं श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं नशामुक्ति के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
अभियान में प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष कुमार, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, गोलूराम ठाकुर, तुलाराम साहू, कुलेश्वर प्रसाद औसरिया, वामन कुमार यादव, राजेश कुमार, तरुणा देशमुख, कामीन साहू, प्रीति, हैदर, मयंक सहित अनेक स्वयंसेवकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

