Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedमंगोली खुर्द में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

मंगोली खुर्द में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

शासकीय भूमि से 96 ट्रॉली रेत जब्त, खनिज माफियाओं में मचा हड़कंप

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किरनापुर तहसील के ग्राम मंगोली खुर्द में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 96 ट्रॉली रेत जब्त की है। राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि ग्राम मंगोली खुर्द में शासकीय भूमि पर बड़ी मात्रा में अवैध रेत भंडारण की सूचना मिलने पर राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच की गई। निरीक्षण के दौरान खसरा क्रमांक 113/1/1 स्थित शासकीय भूमि पर भारी मात्रा में रेत का भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने संबंधित व्यक्तियों से रॉयल्टी पर्ची एवं अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन कोई भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका।

प्राथमिक जांच में रेत का भंडारण बिना वैधानिक अनुमति के पाए जाने पर लगभग 96 ट्रॉली रेत तत्काल जब्त कर ली गई। जब्त सामग्री को मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत स्थानीय ग्राम कोटवार की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

प्रशासन का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण संगठित अवैध खनिज कारोबार की ओर संकेत करता है। मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जाएगी तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जब्त खनिज के निवर्तन की प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। शासकीय भूमि पर अवैध रूप से खनिज भंडारण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments