Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedबुट्टा (हजारी) में नव-निर्मित बुद्ध विहार का लोकार्पण एवं डॉ. आंबेडकर प्रतिमा...

बुट्टा (हजारी) में नव-निर्मित बुद्ध विहार का लोकार्पण एवं डॉ. आंबेडकर प्रतिमा का होगा अनावरण

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट

बालाघाट। जिले के लालबर्रा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुट्टा (हजारी) में 10 जून को सम्राट अशोक बुद्ध विहार के लोकार्पण तथा तथागत भगवान बुद्ध एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और समाज के लोग इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भगवान बुद्ध के करुणा, मैत्री और अहिंसा के संदेश तथा डॉ. आंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। समिति का मानना है कि नव-निर्मित बुद्ध विहार केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, शिक्षा और जागरूकता का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के उद्घाटक के रूप में पूज्य बुद्धप्रिय बोधि जी उपस्थित रहेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में ई. डी. आर. शिवराज बागमारे (समाजसेवी एवं विधायक प्रतिनिधि) तथा ई. अंडूजी बागडेकर (समाजसेवी एवं भाजपा नेता) समारोह में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथियों में देवेन्द्र डोंगरे, स्कूललाल डोंगरे, शैलेन्द्र सुखदेवे, सरोजिनी मेश्राम एवं डॉ. अश्विनी बागडेकर शामिल रहेंगे। वहीं अधिवक्ता डॉ. संजय खोब्रागड़े (जिलाध्यक्ष, जिला बौद्ध संघ) प्रमुख अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे धम्म रैली, धम्म वंदना एवं बुद्ध वंदना के साथ होगी। इसके पश्चात नव-निर्मित बुद्ध विहार का विधिवत लोकार्पण तथा डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान परित्राण पाठ, धम्म प्रवचन, विचार गोष्ठी, अतिथि सम्मान तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। शाम को सामूहिक बुद्ध वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन होगा।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव एवं क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता कई महीनों से तैयारी कर रहे हैं। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजीत डोंगरे, उपाध्यक्ष आनंदराव डोंगरे, सचिव राहुल चौधरी एवं कोषाध्यक्ष धनराज डोंगरे विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। महिला संगठन में अध्यक्ष पटेलबाई, उपाध्यक्ष आशा गजभिये, सचिव काजल चौहान तथा कोषाध्यक्ष पुष्पलता उईके सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। कैलाश बाई, गणुज गजभिये, ज्योति बाई, सुमिता बागडे, सुरेश चौहान, केशवराव डोंगरे सहित अनेक समाजसेवी कार्यक्रम की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में गांव के युवाओं एवं महिलाओं द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर आसपास के गांवों में आमंत्रण दिया जा रहा है।

ग्राम बुट्टा (हजारी) और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि बुद्ध विहार का निर्माण समाज की एकजुटता और वर्षों के प्रयासों का परिणाम है। इससे आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक चेतना, शिक्षा और संस्कारों का एक महत्वपूर्ण केंद्र प्राप्त होगा।

ग्राम पंचायत के सरपंच डॉ. वी. के. बंघेल, सचिव ऐश्वर्यलाल नागपुरे एवं सहसचिव संगीता डोंगरे भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

आयोजन समिति ने जिलेभर के बौद्ध अनुयायियों, आंबेडकरवादी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल भवन लोकार्पण और प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समता, न्याय, बंधुत्व और सामाजिक जागरूकता के संदेश को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments