


बालाघाट। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को खैरलांजी तहसील के ग्राम किन्ही में राजस्व, खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 55 ट्रॉली अवैध रेत तथा एक ट्रैक्टर जब्त किया।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त जांच दल ने ग्राम किन्ही स्थित शासकीय भूमि के खसरा क्रमांक 396 पर निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों द्वारा रेत भंडारण से जुड़े वैध अनुमति पत्र अथवा रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद अधिकारियों ने नियमानुसार रेत को जब्त कर ग्राम पंचायत किन्ही के कोटवार सुनील धमगाहे की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम मोवाड़ से संबंधित ट्रैक्टर क्रमांक MP50-A-3332 को भी जब्त किया गया। वाहन चालक के मौके पर उपस्थित नहीं होने के कारण ट्रैक्टर को पुलिस थाना खैरलांजी में अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
— मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने, बालाघाट

