
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट/मलाजखंड
मलाजखंड। हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) के कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए नेशनल ज्वाइंट कमेटी ऑफ कॉपर (एनजेसीसी) की बैठक कई महत्वपूर्ण सौगातें लेकर आई है। 11 एवं 12 जून 2026 को कोलकाता स्थित एचसीएल के कॉर्पोरेट कार्यालय में आयोजित बैठक में श्रमिकों के आर्थिक एवं सामाजिक हितों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिन्हें मजदूर वर्ग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
बैठक की अध्यक्षता एचसीएल के सीएमडी संजीव कुमार सिंह ने की। इसमें कंपनी प्रबंधन, निदेशक मंडल के सदस्य तथा मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा, कार्यस्थल सुविधाओं, ठेका श्रमिकों के वेतन और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय खनिज मजदूर संघ, मलाजखंड की ओर से अध्यक्ष दत्तराज पटले एवं महासचिव हेमन्त भगत ने कर्मचारियों और श्रमिकों की मांगों को प्रमुखता से उठाया। लंबे समय से लंबित कई मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय होने से श्रमिकों में उत्साह का माहौल है।
बैठक में कर्मचारियों की ग्रेच्युटी सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया। इस फैसले से कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति अथवा सेवा समाप्ति के समय अधिक आर्थिक सुरक्षा प्राप्त होगी।
कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई वर्क परफॉर्मेंस रिवार्ड स्कीम लागू करने का भी निर्णय लिया गया है। इसके तहत कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर औसतन 35 हजार से 45 हजार रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा।
एनजेसीसी बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय ठेका श्रमिकों के हित में माना जा रहा है। एचसीएल में पहली बार ठेका कर्मियों के लिए व्यवस्थित वेज स्कीम लागू करने का फैसला लिया गया है। इसके अंतर्गत उनके वेतन में 15 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। श्रमिक संगठनों ने इसे लंबे संघर्ष और मजदूर एकता का परिणाम बताया है।
कर्मचारियों को मिलने वाले कैंटीन भत्ते में भी वृद्धि करते हुए इसे 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा ठेका श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। योजना के तहत 10वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को 2100 रुपये तथा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को 5100 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
भारतीय खनिज मजदूर संघ के महासचिव हेमन्त भगत ने कहा कि संगठन लगातार मजदूरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है। एनजेसीसी बैठक में लिए गए निर्णय श्रमिकों की एकजुटता और संगठन के सतत प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का लाभ हजारों कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को मिलेगा।
अध्यक्ष दत्तराज पटले एवं महासचिव हेमन्त भगत ने एचसीएल प्रबंधन तथा कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक हितों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से औद्योगिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद मलाजखंड सहित एचसीएल की विभिन्न इकाइयों में कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के बीच खुशी का माहौल है। ग्रेच्युटी में वृद्धि, वेतन बढ़ोतरी, प्रदर्शन आधारित पुरस्कार, कैंटीन भत्ता और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं को श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

