
वारासिवनी, लांजी और बालाघाट क्षेत्र में संयुक्त दबिश, 30 लीटर अवैध शराब भी बरामद
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट
कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार 5 जून 2026 को आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने वारासिवनी, लांजी एवं बालाघाट क्षेत्र में सघन कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा।

जंगल और तालाब किनारे छिपाकर रखा गया था महुआ लाहन
संयुक्त टीम द्वारा वारासिवनी क्षेत्र के बैगा मोहल्ला, कोसमटोला के जंगल एवं तालाब किनारे स्थित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ लगभग 3 हजार किलोग्राम महुआ लाहन तथा 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक नमूने सुरक्षित रखे तथा शेष महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

चार प्रकरण दर्ज, तीन लाख से अधिक की सामग्री जब्त
आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। विभाग के अनुसार जब्त एवं नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 3 लाख 4 हजार 500 रुपये आंका गया है।

आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम रही सक्रिय
कार्रवाई में वृत प्रभारी एवं उपनिरीक्षक संदीप श्रीवास, कौस्तुभ नेताम, मनोज अंजलेकर, मुख्य आरक्षक द्वारसिंह उइके तथा आरक्षक अतरलाल उइके, भानुप्रताप मर्सकोले, अनिता कुमरे, टीकाराम शरणागत एवं विशाल धुर्वे सहित आबकारी एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध मदिरा कारोबार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला आबकारी अधिकारी अजीत एक्का ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

