

मूकनायक | बिलासपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्ट: स्वराज मेश्राम
बिलासपुर। शहर के वायरलेस कॉलोनी स्थित माइक्रो ऑफिस क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं और लपटों से घिर गया। स्थानीय लोगों की तत्परता और समय पर किए गए प्रयासों से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में सफाई कार्य के दौरान सूखे डंडों, लकड़ियों और झाड़ियों के पास कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास फैली सूखी झाड़ियों व लकड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। भीषण गर्मी और सूखे वातावरण के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। लोगों ने तत्काल संबंधित विभाग को भी सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में संभावित बड़े नुकसान को रोका जा सका।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए प्रशासन से जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या सूखी झाड़ियों में आग लगाने पर सख्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई है।
घटना स्थल एस.एन.टी. प्रोजेक्ट स्टोर, वायरलेस कॉलोनी क्षेत्र बताया गया है।

