मूकनायक न्यूज/सुमेरपुर/पाली/राजस्थान।
सुमेरपुर: बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर सुमेरपुर में मानवीय संवेदनाओं और जीव दया का एक अनुपम उदाहरण देखने को मिला। एजुकेट गर्ल्स प्रगति कैंप सुमेरपुर की छात्राओं ने भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए एक विशेष अभियान में सहयोग किया। बुद्ध पुर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम में “एक व्यक्ति एक पौधा मिशन” के संस्थापक व पर्यावरण एम्बेसेडर ओमप्रकाश कुमावत के निर्देशन में छात्राओं ने न केवल परिंदे बांधे, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।कार्यक्रम का आयोजन प्रगति प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर नारायण सरेल एवं प्रगति प्रेरक शकुन कुमारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर कैंप की सभी छात्राओं को मिट्टी के सकोरे (परिंदे) वितरित किए गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने घरों की छतों, सार्वजनिक स्थानों और पेड़ों पर ये परिंदे बांधे और संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन इनमें स्वच्छ पानी भरेंगी।इस दौरान प्रगति प्रेरक शकुन कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पक्षी हमारी पारिस्थितिकी का अभिन्न अंग हैं। जिस तरह हम शिक्षा के जरिए अपने जीवन में ‘प्रगति’ ला रहे हैं, उसी तरह हमें प्रकृति के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।इस मानवीय पहल में पूर्व प्रेरक प्रकाश कुमार,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भावना कच्छवाहा एवं मोडाराम जी भी उपस्थिति रहे और छात्राओं के जज्बे को सराहा। सेवा के इस कार्य में धनु कुमारी, पवना कुंवर, पूजा कुमारी, मीणा, आशा कुमारी, अंजली कुमारी, कोमल कुमारी, पुष्पा कुमारी, किंजल कुमारी और आरती कुमारी सहित कैंप की अन्य छात्राएं सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

