मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। V-Mart Retail के बस्ती जनपद के स्थित कम्पनी बाग स्टोर में पिछले करीब दो हफ्तों से एयर कंडीशनिंग व्यवस्था ठप होने की शिकायत सामने आई है। तेज गर्मी और लू के बीच खरीदारी करने पहुंचे लोगों को अंदर उमस और घुटन का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों का कहना है कि मॉल के भीतर न तो पर्याप्त ठंडक मिल रही है और न ही वेंटिलेशन की सही व्यवस्था दिखाई दे रही है।
खरीदारी के लिए पहुंचे कई लोगों ने बताया कि स्टोर के अंदर कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ऐसी स्थिति किसी के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल सकती है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह माहौल परेशानी का कारण बन सकता है।
स्टोर में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों ने भी नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बताया कि एसी लगभग 14 दिनों से खराब है, लेकिन अब तक उसे ठीक नहीं कराया गया। कर्मचारियों के मुताबिक पूरे दिन गर्म और बंद वातावरण में काम करना काफी मुश्किल हो रहा है।
ग्राहकों ने यह सवाल भी उठाया कि जब प्रतिष्ठान ग्राहकों से विभिन्न शुल्क और टैक्स लेते हैं, तो उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उनकी जिम्मेदारी बनती है। लोगों का कहना है कि बड़े शोरूम और मॉल में ठंडा वातावरण, साफ हवा और सुरक्षित माहौल जैसी सुविधाएं अनिवार्य होनी चाहिए।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मामले की जांच कराने तथा जल्द से जल्द एसी और वेंटिलेशन व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि गर्मी और घुटन के कारण किसी ग्राहक या कर्मचारी की तबीयत बिगड़ती है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी।

