मूकनायक/रिपोर्टर, राजेश कुमार/बस्ती/उत्तर प्रदेश
बस्ती। बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परसा खुर्द उर्फ दरियापुर जंगल ग्रामसभा में एक दलित परिवार के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित उमेश कुमार पुत्र फूलचंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे ग्रामसभा के प्रियांशु पांडे, विशाल पांडे, मोहन पांडे और करीब 15 अज्ञात लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और परिवार को धमकाया।
तहरीर के मुताबिक, जब परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई। शोर सुनकर उमेश कुमार मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी हमला किया गया। घटना में परिवार के कई लोगों के साथ मारपीट और गाली-गलौज होने का आरोप है, जिससे गांव में अफरा-तफरी फैल गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने सोनहा थाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना अध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3) और 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

