मूकनायक/नरेश जाटव/कैलादेवी/करौली/ राजस्थान।
करौली। ग्रामीण एवं वंचित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्योर इंडिया ट्रस्ट द्वारा करौली जिले में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर एवं चश्मा वितरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 2 मई से 11 मई तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के 10 गांव— मनोहरपुरा, घुराकर, काशीपुरा, केलादेवी, करनपुर, नेभरा, मरमदा, नारौली, सायपुर और कोशरा —को शामिल किया गया है।
इस शिविर में विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से ग्रामीणों की आंखों की जांच की जा रही है। जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता है, उन्हें उनके नंबर के अनुसार तुरंत निःशुल्क चश्मे और आई ड्रॉप्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, जिन मरीजों को आगे इलाज या ऑपरेशन की जरूरत है, उन्हें उचित परामर्श भी दिया जा रहा है।
प्योर इंडिया ट्रस्ट की मेडिकल टीम जयपुर से पहुंची है, जो प्रतिदिन लगभग 100 से 150 मरीजों की जांच कर रही है । इस दौरान गांव के बुजुर्ग, महिलाएं और विद्यालय के छात्र-छात्राओं को आंखों से संबंधित समस्याओं, जैसे दृष्टि कमजोरी या सिरदर्द, के प्रति जागरूक किया जा रहा है और समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग शिविर का लाभ उठा रहे हैं।
ट्रस्ट के संस्थापक प्रशांत पाल ने बताया कि करौली उनका गृह जिला है, इसलिए यहां के लोगों की समस्याओं को समझते हुए उनकी प्राथमिकता अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। इस अभियान के माध्यम से डांग क्षेत्र के गरीब परिवारों को उनके गांव में ही नेत्र सेवाएं प्रदान कर “नई रोशनी” देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्योर इंडिया ट्रस्ट की टीम ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं और अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी दें।
शिविर का आयोजन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जा रहा है। अधिक जानकारी एवं संपर्क के लिए इच्छुक व्यक्ति ट्रस्ट की टीम से खुशबिहारी शर्मा जी संपर्क कर सकते हैं।

