

खैरलाजी-घोटी मार्ग पर हुआ हृदयविदारक हादसा, सड़क पर बिखरे शव देख दहल उठे लोग, आरोपी चालक फरार होने की फिराक में था
मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट।जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच एक और हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दंपति को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठा भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों का भारी हुजूम इकट्ठा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साकडी निवासी धनीराम गाडेकर अपनी पत्नी अनीता गाडेकर और भांजे डिलेश्वर नागेश्वर (निवासी घोटी, खैरलाजी) के साथ बाइक से किसी निजी कार्य के लिए जा रहे थे। वे सामान्य गति से सड़क पर आगे बढ़ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक को सीधी टक्कर मार दी।
मौके पर ही तोड़ा दम, भांजे की हालत नाजुक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी। गंभीर चोटें आने के कारण धनीराम और अनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उनका भांजा डिलेश्वर सड़क किनारे खून से लथपथ होकर तड़पता रहा। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
भागने की फिराक में था चालक, ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए उसे रोकने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त किया। पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक दंपति के गांव साकडी में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों और तेज रफ्तार गाड़ियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिस पर जिम्मेदार विभाग कोई लगाम नहीं लगा पा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर और गति नियंत्रण की सख्त व्यवस्था की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

