
मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
लांजी। थाना लांजी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहझरी में शादी समारोह के दौरान डीजे बंद कराने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मामले में लांजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को फरियादी देवेश रावते (30) निवासी ग्राम मोहझरी ने थाना लांजी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी के अनुसार वह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। समारोह के दौरान गांव का दीप उरकुड़े डीजे पर नाचने को लेकर विवाद कर रहा था। स्थिति बिगड़ते देख देवेश ने विवाद शांत कराने के उद्देश्य से डीजे बंद करवा दिया।
बताया गया कि समारोह समाप्त होने के बाद जब देवेश अपने मित्र अमन नाकतोड़े के साथ घर लौट रहा था, तभी गांव के सेलर मशीन के पास आरोपी दीप उरकुड़े एवं उसके छोटे भाई ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी दीप उरकुड़े ने लकड़ी के डंडे से देवेश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बीच-बचाव करने पहुंचे अमन नाकतोड़े के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लांजी पुलिस ने अपराध क्रमांक 157/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(2), 115(2), 351(3), 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार दबिश एवं तलाश अभियान के दौरान पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दीप उरकुड़े (21) निवासी मोहझरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त किया है। मामले में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि शादी समारोहों एवं सार्वजनिक आयोजनों में डीजे और नाच-गाने को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है, ऐसे मामलों में समय रहते समझाइश और संयम जरूरी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं सामाजिक संगठनों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने घायल युवक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए युवाओं से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की है।

